
बसंत विहार में कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़, समर्थकों ने रैली निकालकर आतिशबाजी के साथ मनाया जश्न
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने देहरादून कैंट विधानसभा सीट से नवीन बिष्ट को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। रविवार को बसंत विहार स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।
सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। पार्टी की ओर से कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। खास बात यह रही कि सम्मेलन में महिला और युवा कार्यकर्ताओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
महेंद्र यादव ने नवीन बिष्ट के नाम की घोषणा की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने कहा कि नवीन बिष्ट युवा नेता हैं और लंबे समय से सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। उनकी सक्रियता, ऊर्जा और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कैंट विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नवीन बिष्ट बोले- पार्टी के भरोसे पर उतरूंगा खरा
प्रत्याशी घोषित होने के बाद नवीन बिष्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने की अपील भी की।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मेलन में उत्तराखंड सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री ओपी मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्याम बाबू पांडेय, टिहरी लोकसभा सह प्रभारी अजय गौर और युवा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रैली निकालकर मनाया जश्न, आतिशबाजी भी की
नवीन बिष्ट के नाम की घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इसके बाद समर्थकों ने रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
Tags: #AamAadmiParty #NaveenBisht #MahendraYadav #DehradunCantt #UttarakhandElection2027 #UttarakhandPolitics #AAPUttarakhand




