
देहरादून, 1 नवंबर। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 सालावाला स्थित गंगा ग्रीन वैली में ₹181.74 लाख की लागत से आंतरिक मार्गों और नालियों का निर्माण एवं सुधारीकरण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मुख्यमंत्री घोषणा के तहत होने वाले इन विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को इनका लाभ मिल सके।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना और प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना है।
उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है। सालावाला में आंतरिक मार्गों के निर्माण और नालियों के सुधारीकरण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराना है। इसी भावना के साथ वे लगातार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
समिति ने समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान गंगा ग्रीन वैली समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के संबंध में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने पदाधिकारियों को सकारात्मक आश्वासन देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठेत, भाजपा के वरिष्ठ नेता आर.एस. परिहार, केशरी चंद नौटियाल, राम प्रसाद सेमवाल, संजय नौटियाल, दीपक सिंह, सुनीत डंडरियाल, पारस सोनकर, राहुल सिंघल, रवि वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
Tags: Ganesh Joshi, Mussoorie Assembly, Dehradun News, Uttarakhand News, Development Works, सालावाला, गणेश जोशी, देहरादून समाचार, उत्तराखंड समाचार




