
स्वीकृत मानचित्रों से विचलन और बिना अनुमति सात दुकानों के निर्माण का मामला, बंशीधर तिवारी बोले—नियोजित विकास से समझौता नहीं
देहरादून, 31 अक्टूबर। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र और सहस्त्रधारा रोड पर तीन निर्माणों को सील कर दिया। इनमें स्वीकृत मानचित्रों से विचलन कर भवन निर्माण करने और बिना मानचित्र स्वीकृति के सात दुकानों का निर्माण करने के मामले शामिल हैं। प्राधिकरण ने संबंधित मामलों में नियमानुसार वाद योजित करने के बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की।
एमडीडीए के अनुसार, धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र के दून डिवाइन परिसर में मैसर्स युग रियल एलएलपी (देवेश वरयानी) द्वारा छह स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप प्रस्तावित निर्माणों को आपस में जोड़कर एक भवन के रूप में विकसित किया जा रहा था। आरोप है कि स्वीकृत मानचित्रों से विचलन करते हुए फ्लैट बनाने के उद्देश्य से निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने मामले में नियमानुसार वाद योजित कर संबंधित निर्माण को सील कर दिया।
वहीं, सहस्त्रधारा रोड स्थित मंदाकिनी विहार में शुभ्रा राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के तीन दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए अवसर दिया था। निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद संतोषजनक जवाब और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निर्माण को सील कर दिया गया।
इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर नॉर्थ साइड सिटी पार्क के निकट साहनी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इस मामले में भी नियमानुसार वाद योजित करने और वैधानिक प्रक्रिया अपनाने के बाद संबंधित निर्माण को सील कर दिया गया।
नियोजित विकास से समझौता नहीं : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। प्रत्येक निर्माण निर्धारित भवन उपविधियों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप होना चाहिए। बिना अनुमति निर्माण करने अथवा स्वीकृत मानचित्र में मनमाने ढंग से बदलाव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भवन निर्माणकर्ताओं और आमजन से अपील की कि किसी भी भवन, दुकान या व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के व्यवस्थित विकास के लिए अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नियमित निगरानी के बाद होगी कार्रवाई : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की नियमित निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पक्ष को नियमानुसार अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उल्लंघन की पुष्टि होने पर सीलिंग सहित आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करें, ताकि कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
Tags: #MDDA #DehradunNews #IllegalConstruction #BanshidharTiwari #UttarakhandNews




