
गढ़ी कैंट में गोर्खा दशैं-दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव एवं राजकीय मेला-2026 का आयोजन, कैबिनेट मंत्री ने सांस्कृतिक कलाकारों को किया सम्मानित
देहरादून, 31 अक्टूबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में वीर गोर्खा कल्याण समिति की ओर से आयोजित गोर्खा दशैं-दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव एवं राजकीय मेला-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महोत्सव में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गोर्खाली समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया।
महोत्सव में गोर्खाली समाज के पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाजों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के अलावा गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को प्रदेश की विविध लोक परंपराओं और सामाजिक एकता से रूबरू कराया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि गोर्खा दशैं-दीपावली जैसे सांस्कृतिक महोत्सव केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और पूर्वजों की परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति और विरासत से होती है। अपनी भाषा, पहनावे, खानपान, लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को जीवंत बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वीर गोर्खा कल्याण समिति इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। समिति द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से गोर्खाली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने भारतीय सेना में गोर्खाली समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा में इस समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। गोर्खाली समाज के वीर जवानों ने अपने साहस, शौर्य, अनुशासन और समर्पण से देश का मान बढ़ाया है। राष्ट्रसेवा के प्रति इस समाज का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
गणेश जोशी ने गोर्खाली समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें हमेशा अपार प्रेम, स्नेह और सम्मान दिया है। इसके लिए वह सभी के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए वीर गोर्खा कल्याण समिति के पदाधिकारियों और आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, कमल थापा, लोकेश चंद, श्रवण सिंह प्रधान, टीकू थापा, मधुसूदन शर्मा, देविन शाही सहित बड़ी संख्या में गोर्खाली समाज के लोग, समिति के पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Tags: #GaneshJoshi #GorkhaMahotsav2026 #GorkhaCulture #GorkhaCommunity #DashainDiwali #Dehradun #UttarakhandNews #PahadKiKhabar




