
नवंबर तक बकाया वेतन भुगतान के निर्देश, कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में मांगों पर बनी सहमति
देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। शनिवार को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने देहरादून स्थित अपने शासकीय आवास पर परिवहन निगम के अधिकारियों और रोडवेज कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और लंबित वेतन भुगतान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को नवंबर माह तक कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक बातचीत के बाद हड़ताल समाप्त कराने पर सहमति बनी। इसके साथ ही प्रदेश में रोडवेज बसों का संचालन दोबारा सुचारू कर दिया गया।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और सरकार उनके हितों एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के अधिकारों के संरक्षण के साथ प्रदेश की जनता को निर्बाध और सुगम परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रोडवेज बसों का संचालन सामान्य होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
#PradeepBatra #UttarakhandRoadways #RoadwaysStrike #Dehradun #TransportDepartment #UttarakhandNews #PahadKiKhabar




