
देहरादून। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले का रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य समापन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं तथा राष्ट्र के प्रति उसके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का अटूट रिश्ता रहा है। दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी प्रेम, विश्वास और सांस्कृतिक संबंध इस रिश्ते को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गोरखा समाज ने देश की रक्षा और राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के वीर जवानों के बलिदान और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखा समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं गौरव का विषय हैं। विभिन्न समुदायों के त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करती है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने महिला सुरक्षा और समान अधिकारों के महत्व पर भी बात रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
नेपाल के हालात पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार नेपाल के साथ खड़ी है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां
समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने ‘जय महाकाली, आ गयो गोरखाली’ की प्रस्तुति के साथ गोरखाली संस्कृति और परंपरा की जीवंत झलक पेश की। गणेश वंदना, नेपाली समूह नृत्य, गुजराती, पंजाबी, नेवारी, कुकुरी और मयूर नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नेपाली कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे।
महोत्सव में भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं और परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य गोरखा समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने, विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना रहा।
कमल थापा ने जताया आभार
वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने अपने संबोधन में गोरखा समाज के देश के प्रति योगदान और बलिदान को याद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गोरखा समाज के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले दानदाताओं, प्रायोजकों, कलाकारों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन और सरकार की ओर से मिले सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रदीप बत्रा सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इनमें राज्यमंत्री धीरेन्द्र पंवार, नेपाल दूतावास के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेंद्र थापा, दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डीएस मान, ब्रिगेडियर राम सिंह थापा, देहरादून कैंट के सीईओ अनंत आकाश, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री अभिषेक शाही तथा असम गोरखा विकास परिषद के अध्यक्ष प्रेम तमांग शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वीर गोरखा कल्याण समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।: #GorkhaMahotsav #PushkarSinghDhami #Dehradun #GorkhaCommunity #IndiaNepalRelations #UttarakhandNews #CulturalFestival




