
मसूरी, 09 नवंबर। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पृथक राज्य निर्माण के लिए शहीद हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।
इस दौरान गणेश जोशी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखण्ड अलग राज्य बन पाया। उन्होंने आंदोलन में मातृशक्ति के अतुलनीय योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य को संवारने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, ज्योति कोटिया, मोहन पेटवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
#UttarakhandFoundationDay #GaneshJoshi #Mussoorie #Uttarakhand #UttarakhandNews



