इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक : मुख्यमंत्री
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर उन्हें लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद के परिवारजनों को भी पर्व की बधाई देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और पूर्वजों से मिली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ ही सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का प्रतीक भी हैं। इगास जैसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और लोकसंस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को प्रोत्साहित करने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
#PushkarSinghDhami #AnilBaluni #IgasFestival #UttarakhandCulture #Igas2026




