उत्तराखंड में इस पहल में प्रथम स्थान पर रहा एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, 45 छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण
देहरादून। महिला डॉक्टरों को आत्मविश्वासी, सुरक्षित और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) के प्रेसिडेंशियल एक्शन प्लान के तहत KAR (Kickstart Self-Defense, Active Lifestyle and Resilient Mindset) मॉड्यूल पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस पहल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज को उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
कार्यशाला का आयोजन एसजीआरआरआईएम एंड एचएस के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा के नेतृत्व में आईएपी देहरादून शाखा के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की प्रोफेसर डॉ. अल्पा गुप्ता ने राज्य समन्वयक की भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय फैकल्टी सदस्य डॉ. मधु रतूड़ी, डॉ. संगीता लोढ़ा, डॉ. गीता खन्ना और डॉ. अल्पा गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। इसमें आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, सक्रिय जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
कार्यक्रम में 45 एमबीबीएस छात्राओं ने भाग लिया और प्रशिक्षण सत्रों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह मॉड्यूल युवा महिला डॉक्टरों में आत्मविश्वास, आत्म-सुरक्षा और मानसिक दृढ़ता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं और ये छात्राओं को पेशेवर जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।

प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला डॉक्टरों में सुरक्षा, आत्मविश्वास और कार्यस्थल पर बेहतर तैयारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पीडियाट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल कौशिक ने सभी अतिथियों, फैकल्टी सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव श्रीवास्तव, डॉ. जी.डी.एस. बजाज, डॉ. नीरुल पंडिता, डॉ. बिंदु अग्रवाल, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. आशीष सेठी, डॉ. मोनिका, डॉ. श्रुति, डॉ. प्रेमिला और डॉ. तन्वी सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।



