देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, विद्युत और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना, देहरादून के धौरणखास स्थित पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र में एसटीपी निर्माण तथा रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के अनुरक्षण कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की है।
इसके अलावा चम्पावत जिले में मां पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम, लोहाघाट के डुंगरीफर्तयाल में शिव मंदिर सौंदर्यीकरण और सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। पिथौरागढ़ के डीडीहाट और धारचूला, पौड़ी के यमकेश्वर तथा नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में सड़क, पैदल मार्ग, धर्मशाला और पर्यटन विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अंतर्गत गोल्डन कार्ड योजना के सुचारु संचालन और लंबित भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया।
इसके साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग के तहत विभिन्न सड़क एवं ट्रस पुल निर्माण कार्यों के लिए प्रथम किस्त के रूप में धनराशि स्वीकृत की गई है। इनमें चमोली, पौड़ी और अन्य जनपदों में पैदल पुल, मोटर मार्गों के सुधारीकरण और संपर्क मार्गों के निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्ध है।



