सरकारी सेवा में नियमों की सही समझ और जनहित सर्वोपरि, मुख्यमंत्री ने आर.सी. लोहनी के प्रयास की सराहना की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए लेखक के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ राज्य के विकास में योगदान दे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नियमों, प्रक्रियाओं और संवैधानिक प्रावधानों की सही जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद अब तक ऐसी कोई पुस्तक उपलब्ध नहीं थी, जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े नियम, शासनादेश, संवैधानिक प्रावधान और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय सरल एवं व्यवस्थित रूप में एक साथ संकलित हों। उन्होंने कहा कि ‘सेवा विधि’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक व्यवहारिक मार्गदर्शिका है, जो सेवाकाल के दौरान उन्हें सही दिशा और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लोकसेवक का हर निर्णय समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभाव डालता है। इसलिए केवल ईमानदारी ही नहीं, बल्कि नियमों और कानूनों की गहरी समझ भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अच्छे अधिकारी वही होते हैं, जो नियमों की आत्मा को समझते हुए उनके दायरे में रहकर जनहित का रास्ता निकालते हैं। शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि जनता का जीवन सरल और सुगम बनाना है।
पुस्तक के लेखक पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने बताया कि पुस्तक में सरकारी सेवाओं से संबंधित संवैधानिक व्यवस्थाओं, अधिनियमों, नियमों, विनियमों, शासनादेशों तथा उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को समाहित किया गया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, रमेशचंद्र शर्मा, हंसादत्त पांडेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तड़ानी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
टैग्स:
#PushkarSinghDhami #SevaVidhi #RCLohani #Uttarakhand #Dehradun #GovernmentEmployees #BookLaunch #GoodGovernance


