देहरादून वन प्रभाग के अंतर्गत मालसी रेंज के कार्मिकों द्वारा आज लंबीधार–किमाड़ी मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य वन क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना था। इस दौरान वन विभाग की ओर से कविता एवं मोहित सौंद के साथ ही क्षेत्र के फायर वाचरों ने भी सक्रिय सहभागिता की। टीम ने एलकेडी मार्ग एवं आसपास के वन क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कांच, थर्माकोल तथा अन्य अजैविक कूड़ा उचित निस्तारण हेतु एकत्र किया।
वन विभाग के कार्मिकों ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी, देहरादून के निर्देशानुसार वन क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे वन क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा न फैलाएं, क्योंकि इससे पर्यावरण एवं वन्यजीवों को नुकसान पहुंचता है। साथ ही वन कानूनों के अंतर्गत ऐसे कृत्यों पर दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।



