
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 488 एकल महिलाओं के खातों में ₹2.76 करोड़ से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह योजना एकल महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका, स्वरोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 5 लाख से अधिक महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या भी उपस्थित रहीं।



