देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए हर घर तक नियमित, पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित योजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने और पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के तहत 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 1,015 योजनाओं पर काम जारी है। मिशन की कुल प्रगति 92.46 प्रतिशत बताई गई।
वहीं, राज्य के 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। अब तक 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल पहुंचने का सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही जिलाधिकारियों को विभागों के साथ समन्वय कर तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल कनेक्शन देना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि हर घर में लगातार सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होना ही जल जीवन मिशन की वास्तविक सफलता है।
बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव पेयजल श्री रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव श्री रोहित मीणा, सुश्री झरना कमठान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
#JalJeevanMission #CMDehradun #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #HarGharJal #DrinkingWater #Dehradun



