टनकपुर। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में मिलन वाटिका, टनकपुर में मातृशक्ति को समर्पित ‘सावन उत्सव-2026’ का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य माताजी श्रीमती बिशना देवी के साथ दीप प्रज्वलित कर की गई।

सावन की रंग-बिरंगी थीम पर आयोजित समारोह में ‘सुपर ईजा डांस’, ‘मिसेज सावन क्वीन-2026’ और ‘सावन सरप्राइज अवॉर्ड्स’ समेत विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान शिव-पार्वती को समर्पित नृत्य प्रस्तुतियों के साथ सातूं-आंठू (गौरा-महेश), झोड़ा-चांचरी और अन्य लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की।
10 महिलाओं को मिला ‘नंदा शिखर सम्मान’
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 10 कर्मठ महिलाओं को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। स्वयं सहायता समूह, शिक्षा, आंगनबाड़ी, आशा सेवा, आपातकालीन चिकित्सा और परिवहन जैसे क्षेत्रों में सेवाएं दे रहीं महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों ने पहाड़ी उत्पाद, ऐपण कला और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए। आयोजकों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पौधा, प्रकृति के नाम’ अभियान के तहत चंदन का पौधा रोपा गया और उपस्थित महिलाओं को पौधे वितरित किए गए। सभी से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण में भागीदारी की अपील की गई।
सावन उत्सव में लोक संस्कृति, महिला प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में राज्य दर्जा मंत्री श्रीमती हेमा जोशी, श्रीमती किरण देवी, चंपावत ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती दीपा जोशी, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष श्रीमती तुलसी कुंवर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं।
Tags:
#SawanUtsav2026 #SewaSankalpFoundation #Tanakpur #Champawat #NandaShikharSamman #MahilaShakti #Uttarakhand #LokSanskriti #SawanUtsav #PahadiSanskriti



