उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर मा० मेयर महोदय एवं नगर आयुक्त महोदय के मार्गदर्शन में नगर निगम, देहरादून द्वारा शहरभर में व्यापक वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान आयोजित किया गया है।

हरेला पर्व पर नगर निगम का “मिशन पोषण संकल्प” के अंतर्गत लगभग 4.00 से 5.00 लाख सब्जी की पौधों का स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रत्येक वार्ड के मा० पार्षदगणों के समन्वय से वितरण किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनबाड़ियों में मिशन पोषण संकल्प के अंतर्गत सहजन के पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थलों एवं चिन्हित हरित क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 70,000 फलदार एवं चारा आदि विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण एवं वृक्षारोपण किया जाएगा। लगाए गए वृक्षों के रख-रखाव हेतु उनकी जी.पी.एस. मैपिंग भी की जाएगी।
नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार विभिन्न अधिकारियों को पार्कों एवं अतिक्रमण मुक्त भूमि पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराने के अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। नगर निगम क्षेत्रांतर्गत गढ़वाल राइफल्स के साथ समन्वय करते हुए नगर निगम की अतिक्रमण मुक्त भूमि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें गढ़वाल राइफल्स द्वारा लगाए गए वृक्षों का रख-रखाव किया जाएगा। इसका उद्देश्य देहरादून को हरित देहरादून बनाना है।
नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञ द्वारा पौधों की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा लगाए गए सभी पौधों का ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण किया जाएगा, जिससे उनके संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
नगर आयुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों, पार्षदों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देहरादून को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।
नगर निगम द्वारा सभी नागरिकों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय एवं आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया है।



