
चमोली, 13 अगस्त। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना के बाद प्रशासन ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभालते हुए लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, टनल में मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य लगातार जारी है।
मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना समेत अन्य संबंधित टीमें तैनात हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा मलबे और पानी के बीच टनल तक पहुंच बनाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से जानकारी लेते हुए अभियान को पूरी तत्परता, सुरक्षा और आपसी समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं भी जुटाई जा रही हैं।
#Chamoli #THDC #TunnelRescue #RescueOperation #SDRF #NDRF #UttarakhandNews #ChamoliNews



