सचिवालय में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना एवं टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन की प्रगति के संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को परियोजनाओं पर तेज गति से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष रूप से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) और रेल विकास निगम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परियोजना के तहत निर्मित एस्केप टनल को समानांतर सड़कों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा गया।
टनकपुर-बागेश्वर प्रस्तावित रेललाइन से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से इसे अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्र से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए। सरकार ने स्पष्ट किया कि इन महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण करना प्राथमिकता है, ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।



