गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर, चमोली की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राइंका माणा घिंघराण में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक द्वारा माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने मुख्य अतिथि का बैज लगाकर भावपूर्ण स्वागत किया।सात दिवसीय शिविर के दौरान चमोली पुलिस की सक्रिय भूमिका देखने को मिली।
पुलिस की विशेष टीमों ने शिविर में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की दो प्रमुख चुनौतियों साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर वे ऑनलाइन ठगी से बच सकते हैं और नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।समापन अवसर पर अपने प्रेरणादायी संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा,“आज आप सबको इस एनएसएस किट में देखकर मुझे अपना छात्र जीवन याद आ गया। मैं स्वयं भी छात्र जीवन में एक समर्पित एनएसएस स्वयंसेवक रहा हूँ।
एनएसएस का यह सात दिवसीय शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की पाठशाला है। आप युवा ही समाज की असली शक्ति हैं। यदि आप जागरूक रहेंगे, तो नशा और साइबर अपराध जैसे दानव हमारे समाज को छू भी नहीं पाएंगे।
चमोली पुलिस हमेशा आपके साथ है, ताकि आप एक सुरक्षित और नशा मुक्त वातावरण में आगे बढ़ सकें।”इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रघुबीर बिष्ट, पीटीए अध्यक्ष मोहन नेगी, प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. डी.सी. सती, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. ए.के. जायसवाल, रा.इं.का. घिंघराण के प्रधानाचार्य डॉ. प्रेम देवराड़ी, डॉ. दर्शन सिंह नेगी, पीटीए कोषाध्यक्ष शांति प्रसाद नौटियाल सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में 28 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने सुबोध प्रेम विद्या मंदिर, गोपेश्वर के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिए भी हमेशा तत्पर है।इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक राकेश गैरोला सहित अन्य अध्यापकगण उपस्थित रहे।



