हरिद्वार। चारधाम यात्रा–2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर परिवहन विभाग, उत्तराखंड ने व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ कर दिया है। इसका उद्घाटन एआरटीओ कार्यालय, रोशनाबाद (हरिद्वार) में परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रीन कार्ड पोर्टल पर क्लिक कर पहला ग्रीन कार्ड स्वीकृत किया और इसे वाहन चालक को प्रदान किया। इस प्रणाली के तहत चारधाम यात्रा में शामिल सभी व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आपात स्थिति में वाहन से जुड़ी पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी।
देहरादून संभाग में ग्रीन कार्ड के लिए हरिद्वार, रुड़की (16 अप्रैल से नरसन चेकपोस्ट), आशारोड़ी (देहरादून), ऋषिकेश, विकासनगर, टिहरी और उत्तरकाशी समेत प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में केंद्र बनाए गए हैं। वाहन स्वामी www.greencard.uk.gov.in
पर ऑनलाइन आवेदन कर शुल्क जमा करने के बाद निकटतम कार्यालय में निरीक्षण कराकर ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर ग्रीन कार्ड प्रणाली को ऑनलाइन लागू करने में एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक (आईटी) हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक (आईटी) रमन पुंडीर के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा, शैलेश तिवारी, आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन आरटीओ (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन में एआरटीओ हरिद्वार और रुड़की के अधिकारियों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
परिवहन विभाग ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू संचालन के लिए ऐसी तकनीकी पहलें आगे भी जारी रहेंगी।



