
उत्पादन की दृष्टि से वित्तीय वर्ष 2025-26 यूजेवीएन लिमिटेड के लिए बेहतरीन वर्ष साबित हुआ है। ज्ञातव्य है कि निगम की परियोजनाओं द्वारा नदी जल की उपलब्धता के अनुरूप ही उत्पादन किया जाता है तथा इस वर्ष परियोजनाओं के जल संग्रहण क्षेत्र में कम वर्षा एवं हिमपात के कारण अधिकांश समय नदियों का जलस्तर कम ही रहा है। इन विकट परिस्थितियों में भी निगम के अधिकांश विद्युत गृहों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वर्ष के अंत तक अपने तय विद्युत उत्पादन लक्ष्य को पार कर लिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से रखरखाव एवं संचालन के परिणामस्वरूप मशीनों की उपलब्धता 90 प्रतिशत के आस-पास रही जो कि उत्पादन को बेहतरीन बनाने में सहयोगी रही। उन्होंने बताया कि वृहद एवं मध्यम परियोजनाओं के साथ ही लघु जल विद्युत परियोजनाओं का भी इस रिकॉर्ड उत्पादन में सराहनीय योगदान रहा।
अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में यूजेवीएन लिमिटेड के ढकरानी, ढालीपुर, कुल्हाल, तिलोथ, चीला, रामगंगा, व्यासी, गलोगी, दुनाव, उर्गम, कालीगंगा प्रथम एवं द्वितीय तथा मध्यमहेश्वर विद्युत गृहों द्वारा अपने वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु तय किए गए लक्ष्यों से अधिक विद्युत उत्पादन किया गया है।
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने निगम के विद्युत गृहों की इस उपलब्धि पर हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड के कुशल प्रबंधन, बेहतरीन कार्य योजना तथा उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति से ही यह रिकार्ड उत्पादन संभव हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की लक्ष्य से अधिक उत्पादन करने वाले विद्युत गृहों का विवरण –
विद्युत गृह – लक्ष्य / उत्पादन
ढकरानी – 101 मिलियन यूनिट / 126.170 मिलियन यूनिट
ढालीपुर – 220 मिलियन यूनिट / 226.654 मिलियन यूनिट
कुल्हाल – 140 मिलियन यूनिट / 147.574 मिलियन यूनिट
व्यासी – 331 मिलियन यूनिट / 348.864 मिलियन यूनिट
तिलोथ – 467 मिलियन यूनिट / 482.355 मिलियन यूनिट
चीला – 616 मिलियन यूनिट / 645 मिलियन यूनिट
रामगंगा – 290 मिलियन यूनिट / 326.727 मिलियन यूनिट
खटीमा – 21.230 मिलियन यूनिट
गलोगी – 7 मिलियन यूनिट / 8.103 मिलियन यूनिट
दुनाव – 2.4 मिलियन यूनिट / 3.017 मिलियन यूनिट
उरगम – 7.1 मिलियन यूनिट / 7.665 मिलियन यूनिट
काली गंगा-प्रथम – 8 मिलियन यूनिट / 8.224 मिलियन यूनिट
काली गंगा-द्वितीय – 12 मिलियन यूनिट / 12.221 मिलियन यूनिट
मध्यमहेश्वर – 32 मिलियन यूनिट / 33.781 मिलियन यूनिट



