कैबिनेट मंत्री Subodh Uniyal ने आज हरिद्वार दौरे के दौरान चैनराय जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य के सरकारी एवं गैरसरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



