पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न खेलों के विश्वविद्यालय कप्तानों एवं उत्तराखण्ड राज्य अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, स्क्वैश, बास्केटबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, योग, भारोत्तोलन, फुटबॉल और हॉकी सहित विभिन्न खेलों के चयनित कप्तानों को सम्मानित किया गया। वहीं उत्तराखण्ड राज्य अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 में स्वर्ण पदक जीतने वाली 4×100 मीटर रिले टीम के सदस्यों विशाल तोमर, विशाल राज, अली रहमान और अविश्रेय सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा एथलेटिक्स की 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को भी सम्मानित किया गया। कुलपति डॉ. कश्यप ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. वी.सी. ध्यानी, क्रीड़ा परिषद के स्टाफ काउंसिल सदस्य डॉ. प्रमोद मल्ल एवं डॉ. साक्षी कपूर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी शारीरिक शिक्षा डॉ. गोविन्द सिंह बोहरा ने किया।



