देहरादून, 8 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से आयोजित वन्य जीव सप्ताह-2026 कार्यक्रम में वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों को लेकर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) को सराहना और प्रशंसा पत्र मिला। कार्यक्रम में यूपीसीएल द्वारा डॉग कंडक्टर केबल को कवर्ड कंडक्टर केबल में बदले जाने की पहल की विशेष रूप से सराहना की गई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस पहल को विद्युत नेटवर्क को अधिक सुरक्षित बनाने के साथ-साथ वन्य जीवों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने कहा कि विद्युत विभाग की जिम्मेदारी केवल ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्युत नेटवर्क को सुरक्षित बनाकर मानव जीवन के साथ-साथ वन्य जीवों के लिए भी सुरक्षित वातावरण तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यूपीसीएल भविष्य में भी विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखेगा।





