देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने स्मारिका के प्रकाशन पर पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को संजोने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया जनहित के मुद्दों को सामने लाने के साथ सरकार और जनता के बीच संवाद का भी प्रभावी माध्यम है। उत्तराखंड के राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान विकास यात्रा में पत्रकारिता जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की उपलब्धियों, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण और स्थानीय प्रतिभाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है। राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ जनकल्याण और विकास के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और स्मारिका के प्रकाशन से संबंधित जानकारी साझा की।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #PressClub #Dehradun #Guldasta





