30 अक्टूबर को महिला जनसुनवाई और ‘शक्ति समागम’, 31 अक्टूबर को 600 निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों की कार्यशाला
देहरादून, 29 अक्टूबर। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से देहरादून और ऋषिकेश में तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 और 31 अक्टूबर को होने वाले इन कार्यक्रमों में महिला जनसुनवाई, महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद और निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के नेतृत्व विकास पर विशेष जोर रहेगा।
पुलिस लाइन में महिला जनसुनवाई कल
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पुलिस लाइन सभागार, रेसकोर्स, देहरादून में ‘राष्ट्रीय महिला आयोग, आपके द्वार–महिला जनसुनवाई’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनना, उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाना और शिकायतों के निस्तारण की दिशा में कार्रवाई करना है।
एम्स ऋषिकेश में होगा ‘शक्ति समागम’
30 अक्टूबर को ही दोपहर 2:30 बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश के सभागार में ‘शक्ति समागम: सृजन से समृद्धि’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर करेंगी, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लगभग 1,000 महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों, महिला उद्यमियों और अन्य महिला लाभार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं के अनुभवों को साझा करने, उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसरों को बढ़ावा देना है।
600 निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों की कार्यशाला
महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को ‘She is a Changemaker’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम देहराखास, पटेलनगर स्थित दून मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा।
कार्यशाला में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों की लगभग 600 निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें महिला प्रतिनिधियों की नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की भूमिका, सहभागिता और सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग के तत्वावधान में आयोजित इन तीनों कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनकी समस्याओं के समाधान को प्रभावी बनाना और सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।
Tags: #WomenEmpowerment #NationalCommissionForWomen #UttarakhandNews #Dehradun #Rishikesh #SheIsAChangemaker




