डीएम आशीष चौहान ने अधिकारियों को दिए निर्देश, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
देहरादून, 29 अक्टूबर। मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में कार्निवाल की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, सड़कों की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
ऐतिहासिक धरोहरों को कार्निवाल से जोड़ने पर जोर
डीएम ने निर्देश दिए कि मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों और भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल के कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। इन स्थलों पर स्थानीय इतिहास, लोक परंपराओं, लोककला और क्षेत्रीय व्यंजनों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मसूरी के इतिहास, संस्कृति और समृद्ध विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने और मसूरी की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। ऐतिहासिक स्थलों को आयोजन का हिस्सा बनाने से पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और शहर की विरासत को नई पहचान मिलेगी।
दूसरे पर्यटन महोत्सवों के सफल प्रयोग भी होंगे शामिल
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को देश के अन्य पर्यटन स्थलों पर आयोजित होने वाले कार्निवाल और पर्यटन महोत्सवों का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां अपनाई जा रही बेहतर व्यवस्थाओं, नवाचारों और सफल गतिविधियों को मसूरी की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्निवाल में शामिल करने की संभावनाएं तलाशी जाएं। आयोजन की प्रत्येक गतिविधि में गुणवत्ता, समन्वय और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
डीएम ने कहा कि मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल पर्यटन संवर्धन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन से होटल व्यवसायियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं, स्थानीय कलाकारों और अन्य संबंधित लोगों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ सकते हैं। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की आर्थिकी पर भी पड़ेगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्निवाल के कार्यक्रम इस तरह तैयार किए जाएं कि पर्यटकों के मनोरंजन के साथ स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो और मसूरी सहित उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें, ताकि आयोजन को सुरक्षित, आकर्षक और पर्यटक हितैषी बनाया जा सके।
बैठक में मसूरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, उप नगर आयुक्त गौरव कुमार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सचिव अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




