मुख्यमंत्री धामी ने यूपीसीएल और पिटकुल की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, अनुपूरक बजट के 166 करोड़ रुपये भी जल्द जारी करने को कहा
सरकारी कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर को प्रीपेड करने के लिए बजट आवंटन को प्राथमिकता
देहरादून, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न सरकारी विभागों पर बकाया बिजली बिल के 539.61 करोड़ रुपये जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अनुपूरक बजट में स्वीकृत 166 करोड़ रुपये की धनराशि भी उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को जल्द उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को यूपीसीएल और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक में निगमों की वित्तीय स्थिति, लंबित भुगतान और विद्युत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने निगम की वर्तमान वित्तीय स्थिति, देनदारियों और वित्तीय चुनौतियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इस दौरान सरकारी कार्यालयों पर बकाया बिजली बिलों के भुगतान, अनुपूरक बजट में अतिरिक्त धनराशि की स्वीकृति और निगम के पूंजीगत कार्यों के लिए अंशपूंजी की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
स्मार्ट मीटर को प्रीपेड करने के लिए बजट आवंटन के निर्देश
भारत सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत प्रथम चरण में सरकारी कनेक्शनों पर स्थापित स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड करने के लिए बजट आवंटन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने यूपीसीएल की ओर से शासन के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों का परीक्षण करने के लिए संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देशित किया।
निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने पर जोर
बैठक में यूपीसीएल की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य सरकार से विभिन्न मदों में लंबित धनराशि जारी करने, देनदारियों के समायोजन और आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत कराए गए कार्यों के भुगतान, पूंजीगत कार्यों के लिए अंशपूंजी की उपलब्धता और उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों व दायित्वों के विभाजन से संबंधित ट्रांसफर स्कीम के तहत देय धनराशि के मुद्दे भी उठाए गए।
बैठक में सरचार्ज माफी योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और दैवीय आपदा के तहत कराए गए कार्यों के भुगतान पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही टैरिफ में वृद्धि नहीं किए जाने के कारण निगम को होने वाले वित्तीय अंतर की भरपाई के लिए लॉस गैप फंडिंग की व्यवस्था पर विचार-विमर्श हुआ।
त्योहारों और कुंभ मेले में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले, दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था से जुड़े विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने और आवश्यक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता गौरव शर्मा, महाप्रबंधक (वित्त) अमित कुमार कंसल, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




