सोचा, आज बालदिवस है तो कुछ लिखूँ, कुछ ऐसा, जो बच्चों को भा जाए।
लेकिन तभी सड़क से आती एक बच्चे की आवाज़ ने मेरा यह भ्रम तोड़ दिया कि आज के दिन सभी बच्चे खुश होंगे। उस आवाज़ में खुशी नहीं, मजबूरी बसी थी और मजबूरी के साथ थी जिम्मेदारियों का बोझ।
मैं सोचने लगी, ऐसे कितने ही बच्चे हैं जिनके लिए न बालदिवस कोई मायने रखता है, न जन्मदिवस। उनके लिए बचपन कोई उत्सव नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के बीच कहीं खो गया एक अनमोल एहसास है।
बालदिवस तो शायद समाज का एक भ्रम मात्र है, जिसका आनंद वही बच्चे लेते हैं जो जन्म से ही खुशकिस्मत हैं। बाकी बच्चों के हिस्से में तो आज भी वही संघर्ष, वही अभाव और वही मजबूरियाँ हैं।
यह दुनिया है जनाब! यहाँ लाचार, मजबूर और बदनसीबों का नसीब बदलने वाला कोई नहीं। बस वे हैं और उनका नसीब!
इसलिए सोचा, क्यों न उन सरकारी फाइलों को ही बालदिवस की बधाइयाँ दे दूँ, जिनमें हर साल बच्चों के सुनहरे भविष्य की योजनाएँ बनती हैं, खुशहाली के आँकड़े सजते हैं और बचपन के नाम पर तमाम घोषणाएँ दर्ज होती हैं।
सभी सरकारी फाइलों को बालदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ!
आखिर खुशियाँ बाँटने और बचपन सँवारने का सारा काम कई वर्षों से कागज़ों पर बखूबी हो ही रहा है!
अनीता चमोली ‘अनू’ देहरादून (उत्तराखंड)




