
मसूरी विधानसभा के समग्र विकास का संकल्प, एमडीडीए और लोनिवि के माध्यम से होंगे विभिन्न कार्य : गणेश जोशी
देहरादून, 15 नवंबर। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को दून विहार वार्ड में ₹268.31 लाख (करीब 2.68 करोड़ रुपये) की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के तहत सड़कों का निर्माण एवं सुधारीकरण, नालियों का निर्माण और सामुदायिक भवनों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनका संकल्प है और जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए।
एमडीडीए के माध्यम से होंगे 135.79 लाख के छह कार्य
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से ₹135.79 लाख की लागत से छह विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें दून विहार सामुदायिक भवन की छत पर ₹18.05 लाख से टिन शेड निर्माण, बापूनगर वार्ड संख्या-06 में ₹20 लाख से सामुदायिक भवन एवं टिन शेड निर्माण तथा आर.आर. अग्रवाल एनक्लेव की लेन संख्या-02 में ₹17.10 लाख से नाली निर्माण शामिल है।
इसके अलावा इंदर बाबा मार्ग की लेन संख्या-03 में ₹37.94 लाख से नई सड़क, ईस्ट वेस्ट कॉलोनी जाखन में ₹30.88 लाख से सड़क निर्माण और इंजीनियर्स एनक्लेव, राजपुर रोड में ₹11.82 लाख से सड़क निर्माण कराया जाएगा।
लोनिवि से 132.52 लाख के कार्य
वहीं लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के माध्यम से राज्य योजना के अंतर्गत ₹132.52 लाख की लागत से दून विहार के आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण का द्वितीय चरण पूरा कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान गणेश जोशी ने सभी क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मंजीत रावत, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद मीनाक्षी नौटियाल, ओम कक्कड़, पूनम नौटियाल, मनवीर नेगी, ललन सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags: #GaneshJoshi #DehradunNews #MussoorieAssembly #DevelopmentWorks #MDDA #Uttarakhand




