हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस, 120 फीट नीचे गिरी; पुलिस, SDRF और ITBP ने चलाया रेस्क्यू अभियान
टिहरी गढ़वाल, 17 नवंबर। उत्तराखण्ड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर पुल से यात्रियों से भरी एक बस करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में गिर गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे 34 यात्रियों को लेकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:50 बजे बस गूलर पुल के पास अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती, थाना नरेंद्रनगर, फायर सर्विस नरेंद्रनगर, आपदा राहत दल और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। शिवपुरी स्थित ITBP कैंप से जवानों ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस भी बुलाई गईं।
पुलिस और बचाव दलों ने तेजी से अभियान चलाते हुए एक घंटे के भीतर घायलों को दुर्घटनास्थल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल हैं। चार अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मृतकों में विक्की (37), निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), पुन्नू (55), निवासी मैखंडी, टिहरी, राज राय, निवासी जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), बस चालक राजेंद्र सिंह (48), निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग और बस परिचालक अनुज भंडारी (27), निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनि की रेती शामिल हैं। अन्य चार मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
27 घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया
हादसे में घायल 27 लोगों को रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। घायलों में उत्तराखण्ड, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची आयरा और 64 वर्षीय आसापंथ भी शामिल हैं।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल से यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए चौकी गूलर में रखवाया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त और घटना से संबंधित अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।
Tags: #UttarakhandAccident #TehriGarhwal #GulerBridge #RoadAccident #RescueOperation #Rishikesh




