देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी आवास पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभाग कर प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का उत्सव मनाया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों सहित देश-दुनिया में रह रहे उत्तराखंड के लोगों को इगास बग्वाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा प्रदेश के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का संकल्प व्यक्त किया था। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार उत्तराखंड को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि इगास पर्व के अवसर पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि उत्तराखंड विकास के हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।
कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। आयोजन में पारंपरिक उल्लास और उत्साह का माहौल रहा।
Tags:
#IgasBagwal #PradeepBatra #PushkarSinghDhami #UttarakhandCulture #UttarakhandNews




