
बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के विकसित की जा रही थी कॉलोनी, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून, 18 नवंबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अनाधिकृत प्लॉटिंग को सील कर दिया। संबंधित भूमि पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के कॉलोनी विकसित करने के उद्देश्य से सड़क का चिन्हीकरण किया जा रहा था।
प्राधिकरण के अनुसार, सनो गुप्ता एवं हिरशाद की भूमि, श्रीराम कॉलेज, शेरपुर, सेलाकुई के निकट पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच के दौरान मौके पर बिना एमडीडीए की अनुमति के प्लॉटिंग विकसित किए जाने का मामला सामने आया। इस पर प्राधिकरण ने संबंधित पक्ष के खिलाफ उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम) के प्रावधानों के तहत वाद दायर करते हुए नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग एवं अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्राधिकरण के अनुसार, बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों से भविष्य में सड़क, पेयजल, बिजली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में भूखंड खरीदने वाले लोगों को कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
एमडीडीए ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसका भू-उपयोग, स्वीकृत लेआउट और प्राधिकरण से प्राप्त अनुमतियों की जांच अवश्य करें। केवल कम कीमत या बेहतर सुविधाओं के दावों के आधार पर जमीन खरीदने से बचें।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#MDDA #IllegalPlotting #Dehradun #BanshidharTiwari #Uttarakhand




