
देहरादून। उत्तराखंड में जल विद्युत विकास को गति देने की दिशा में यूजेवीएन लिमिटेड को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। निगम की तीन जल विद्युत परियोजनाओं को आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त हो गई हैं। इनमें पिथौरागढ़ की 12 मेगावाट क्षमता वाली तांकुल परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति और सार्वजनिक निवेश बोर्ड (PIB) का अनुमोदन मिला है। वहीं, पिथौरागढ़ की 120 मेगावाट सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ और देहरादून की 72 मेगावाट त्यूणी प्लासु परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति (FC-2) प्राप्त हुई है। इन स्वीकृतियों से तीनों परियोजनाओं के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया तेज होगी।
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि तांकुल जल विद्युत परियोजना धारचूला तहसील में काली नदी की सहायक नदी सिमखोलागाड़ पर प्रस्तावित है। 12 मेगावाट की इस रन-ऑफ-द-रिवर परियोजना में चार-चार मेगावाट की तीन उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे सालाना करीब 58.54 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है।
इसी तरह 120 मेगावाट की सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ परियोजना पिथौरागढ़ की मुनस्यारी तहसील में गोरी नदी पर प्रस्तावित है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 529.12 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित इस परियोजना से स्थानीय विद्युत ग्रिड मजबूत होगा और बिजली की अधिकतम मांग के दौरान आपूर्ति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, देहरादून जनपद में टौंस नदी पर प्रस्तावित 72 मेगावाट की त्यूणी प्लासु जल विद्युत परियोजना को भी भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से अंतिम वन स्वीकृति मिल गई है। इसे परियोजना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए इन परियोजनाओं के लिए वन स्वीकृति प्राप्त करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन तथा मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के सहयोग एवं निरंतर अनुश्रवण के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के विकसित होने से प्रदेश की जल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ऊर्जा सुरक्षा और विद्युत ग्रिड की मजबूती को भी बल मिलेगा। विशेष रूप से पिथौरागढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में तांकुल और सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ परियोजनाएं अधिकतम मांग के समय बिजली उपलब्ध कराने में सहायक होंगी। इनके निर्माण और संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे, जिससे धारचूला, मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
अजय कुमार सिंह के अनुसार, आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद यूजेवीएनएल ने तीनों परियोजनाओं के मुख्य सिविल कार्यों के आवंटन और निर्माण शुरू करने की दिशा में अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। निगम का लक्ष्य प्रदेश की जल विद्युत क्षमता का योजनाबद्ध विकास करते हुए पर्यावरणीय दायित्वों के साथ विश्वसनीय और सतत ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना है।
#UJVNL #HydropowerProjects #Uttarakhand #RenewableEnergy #EnergyDevelopment




