देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का निर्वहन किया। इस दौरान लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में पहाड़ की लोकसंस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इगास पर्व के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है, ताकि युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझें और उन पर गर्व कर सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारा, सहयोग और सामूहिकता जैसे मूल्य समाहित हैं। लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाजों के माध्यम से हमारी विशिष्ट पहचान बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से भी अपील की कि वे देश-दुनिया में जहां भी रहें, अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों और पारंपरिक त्योहारों को उत्साह के साथ मनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अपनी संस्कृति को जानना, परंपराओं को जीना और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही अपनी जड़ों के प्रति सच्चा सम्मान है।
Tags:
#IgasFestival #PushkarSinghDhami #UttarakhandCulture #Bhailo #UttarakhandNews




