देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के छठे दिन महिला उद्यमिता, साहित्य और संस्कृति के नाम रहा। बुधवार को स्मृति विकास संस्थान की ओर से उद्यमिता महिला सम्मान समारोह एवं मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ ही उनके योगदान और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया।
उद्यमिता महिला सम्मान समारोह में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उमा संस्था की अध्यक्ष साधना शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक एवं उत्तराखंड संस्थागत सेवा बोर्ड की सदस्य रमिंद्री मंद्रवाल मौजूद रहीं।
इस अवसर पर कुसुम कंडवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें स्वयं निर्णय लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के समान अवसर देना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों के पास स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे महोत्सव उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में वरिष्ठ समाजसेवी आर्येंद्र शर्मा मुख्य अतिथि और विंडलास बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड ग्रुप के अध्यक्ष अशोक विंडलास अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि स्वदेशी महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं, शिल्पकारों और उद्यमियों को प्रभावी मंच देने के साथ उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। वहीं अशोक विंडलास ने भी स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया।
इस दौरान आयोजित मातृशक्ति कवयित्री सम्मेलन में मीरा नवेली, अंशु जैन, रेणु झा, भारती मिश्रा, नीरू गुप्ता, उर्मिला सिंह, शिवानी रात्रा, गार्गी मिश्रा, तस्नीमा कौसर और कविता बिष्ट ने अपनी रचनाओं के माध्यम से नारी संवेदना, समाज और जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया। कवयित्रियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम का संचालन कवयित्री एवं शायरा मीरा नवेली ने किया। वहीं जुनून दास अकादमी के निदेशक करताना सिंगल के नेतृत्व में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। ग्राम्य विकास, उद्योग, यूपीसीएल, एमडीडीए, पिटकुल, उरेडा, यूजेवीएनएल, डेयरी विकास, उद्यान एवं कृषि विभाग सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादकों और उद्यमियों को सीधे बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर स्मृति विकास संस्थान के पदाधिकारियों सहित उमेश कनौजिया, धीरेंद्र प्रताप सिंह, शशिकांत दुबे, वरिष्ठ कवि श्रीकांत शर्मा, जसवीर हालदार, डॉ. शिल्पा, डॉ. सुधांशु ध्यानी सहित महिला उद्यमी, साहित्यकार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#SwadeshiMahotsav #WomenEmpowerment #WomenEntrepreneurs #Dehradun #Uttarakhand




