कालाढूंगी। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), क्षेत्रीय कार्यालय नैनीताल द्वारा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में आयोजित ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ एवं ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ पर आधारित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
समापन दिवस पर भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में संजना, सचिन, हर्षित, रूप, हिमानी, योगेश और नितिन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए। चित्रकला प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में नेहा शाह प्रथम, शुभांगी द्वितीय और साक्षी विष्णु तृतीय रहीं, जबकि बालक वर्ग में हर्षित सैनी ने पहला, बिलाल ने दूसरा और फैजान ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता में सत्य बिष्ट, महक बिष्ट और रचना मेरा क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने कुमाऊंनी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। निधि डबल, तमन्ना बिष्ट और अंजली पांडे के लोकनृत्य के साथ ही सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुरपा ताल के कलाकारों की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहा गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल की सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत नशा विरोधी नुक्कड़ नाटक ‘पुनर्वास की आस’ रहा। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी की चिकित्सक डॉ. प्रियंका कांडपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर बीमारी है, जिससे दूर रहकर ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को विकसित भारत के संकल्प के साथ नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।



