
कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर की पहचान और मजबूत होगी तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों, युवाओं और पर्यटकों को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। ऐसे केंद्र नई पीढ़ी को प्रकृति के करीब लाने और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को चिड़ियाघर में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। यह पहल युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करने में सहायक बनेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षाओं और पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण को प्रत्यक्ष रूप से समझने के अवसर भी मिलने चाहिए। चिड़ियाघर का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने का एक बेहतर माध्यम बन सकता है।
पर्यावरण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर वर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार की प्राथमिकता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए प्रदेश का समग्र विकास करना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां के विस्तृत वन क्षेत्र, समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल सरकार या वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच बेहतर तालमेल बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
#DehradunZoo #WhiteTigerTejas #PushkarSinghDhami #UttarakhandTourism #WildlifeConservation #EnvironmentProtection




