
देहरादून। लर्निंग ट्री स्पेशल स्कूल, देहरादून का नवां वार्षिकोत्सव 28 नवंबर 2026 को द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), उत्तराखंड स्टेट चैप्टर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विशेष विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय वन्यजीव संस्थान की वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. संगीता अंगोम ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी विशिष्ट क्षमताओं और संभावनाओं के साथ आगे बढ़ता है। बच्चों को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण देकर आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों को सराहनीय बताया।
विद्यालय के अध्यक्ष आरपी थपलियाल ने कहा कि लर्निंग ट्री स्पेशल स्कूल का उद्देश्य विशेष बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर प्रदान करना है। विद्यालय उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय की निदेशक डॉ. शिवानी कोटनाला ने शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे की क्षमता को पहचानकर उसका विकास करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
प्रधानाचार्या चांदनी राणा ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियां उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। अभिभावकों का सहयोग भी विद्यालय की उपलब्धियों का महत्वपूर्ण आधार है।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
#LearningTreeSpecialSchool #AnnualFunction #SpecialChildren #Dehradun #UttarakhandNews




