
देहरादून। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर नगर निगम देहरादून की ओर से राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत आराघर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रदूषण के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को पटाखों के अत्यधिक उपयोग, कूड़ा-कचरा और सूखी पत्तियां जलाने, वाहनों से निकलने वाले धुएं तथा धूल से होने वाले वायु प्रदूषण के बारे में बताया गया। साथ ही PM10 और PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। बताया गया कि वायु प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष परेशानी हो सकती है।
नगर निगम की ओर से विद्यार्थियों को दीपावली पर पटाखों से परहेज करने, मिट्टी के दीयों का उपयोग करने, कूड़ा-कचरा खुले में नहीं जलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छ वायु के महत्व के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी और शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर निगम द्वारा NCAP के तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से आमजन को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य जनसहभागिता को बढ़ावा देकर देहरादून को स्वच्छ, हरित और बेहतर वायु गुणवत्ता वाला शहर बनाना है।




