देहरादून। डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि ज्ञान, चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का आधार बनाकर समग्र सफलता की ओर अग्रसर हों।
वह देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी एवं द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता किसी एक दिन में हासिल नहीं होती, बल्कि यह निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक, अनुशासन और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता सफलता का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन जीवन की वास्तविक उपलब्धि तभी है जब व्यक्ति अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का उपयोग समाज व राष्ट्र के हित में करे।
उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के अंकों और डिग्रियों से आगे बढ़कर ईमानदारी, धैर्य, अनुशासन, संवेदनशीलता और उद्देश्यपूर्ण जीवन जैसे गुणों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफल करियर अवसरों के द्वार खोलता है, लेकिन परिवार के संस्कार, नैतिक मूल्य और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान ही व्यक्ति को वास्तविक सम्मान और आत्मसंतोष प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे भारत को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार, जिम्मेदार नागरिकता और मानवीय मूल्यों का भी परिचय दें। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी विनम्रता, कृतज्ञता और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें बड़े सपने देखने, ऊंचे लक्ष्य तय करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षण संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, संस्थान प्रमुखों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।



