
महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में एनसीएपी के तहत नागरिकों को किया जा रहा जागरूक
देहरादून। त्योहारी सीजन में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। महापौर सौरभ थपलियाल के मार्गदर्शन और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैली, साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक और संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ वायु का महत्व समझाया जा रहा है।
अभियान के तहत नागरिकों को वायु प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों और इसे नियंत्रित करने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जा रही है। महापौर सौरभ थपलियाल ने स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के निर्माण में जनसहभागिता को अहम बताते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। वहीं, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया है।
नगर निगम की ओर से लोगों को छोटी दूरी तय करने के लिए निजी वाहनों के बजाय साइकिल या पैदल चलने, वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल न करने और कूड़ा एवं अन्य अपशिष्ट खुले में नहीं जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा कचरे का उचित पृथक्करण एवं निस्तारण, पटाखों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग तथा निर्माण एवं विध्वंस कार्यों के दौरान धूल नियंत्रण के उपाय अपनाने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
नुक्कड़ नाटकों और संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि दैनिक जीवन में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर वायु प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। नागरिकों को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ हवा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता भी बताई जा रही है।
नगर निगम का लक्ष्य जनसहभागिता के माध्यम से वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को जनआंदोलन का रूप देना है। नगर निगम ने शहरवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषणमुक्त देहरादून के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
#Dehradun #CleanAirCampaign #NCAP #SaurabhThapliyal #MunicipalCorporationDehradun #AirPollution #CleanDehradun




