पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए हृदय रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक

देहरादून। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हृदय रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रो. डॉ. तनुज भाटिया ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव को नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा हृदय से जुड़े लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. साहिल महाजन, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. अनामिका और डॉ. मयंक अग्रवाल ने भी हृदय स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। चिकित्सकों ने वजन को संतुलित रखने, संयमित जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने हृदय स्वास्थ्य, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और हृदय रोगों से बचाव जैसे विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में दीक्षा और भावना ने प्रथम, सौरभ ने द्वितीय तथा अरचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग एवं सपोर्ट स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। समापन पर उपस्थित लोगों को स्वयं के साथ परिवार के सदस्यों को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।



