
देहरादून। पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने विल्ला नौगांव, विधानसभा पुरोला के अंतर्गत 65 गांवों के आराध्य देवता श्री रुद्रेश्वर महादेव के डांडा देवराणा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ स्थानीय आस्था और परंपराओं से जुड़े मंदिरों एवं मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं और इनके संरक्षण के साथ सभी क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर 65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के लिए भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से ऐतिहासिक धार्मिक मेले को व्यापक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं सदस्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा नेता जगनमोहन चंद, सरदार सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बचन चौहान और वर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Tags: #PushkarSinghDhami #DurgeshwarLal #Purola #RudreshwarMahadev #DandaDevrana #Uttarakhand #TempleDevelopment #ReligiousHeritage #UttarakhandNews



