देहरादून।
उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारिता में महिलाओं की सहभागिता विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वैद्य कुलम की संचालिका डॉ. मेघा बहुगुणा एवं देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. नेहा चोकसी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिलाएं आज परिवार और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। साथ ही वे अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक हो चुकी हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मेघा बहुगुणा ने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है और इस क्षेत्र में महिलाओं के लिए चुनौतियां और भी अधिक होती हैं। परिवार और कार्य दोनों को एक साथ संभालना आसान नहीं होता, लेकिन महिलाएं हर चुनौती को स्वीकार करने के लिए सदैव तैयार रहती हैं।
वहीं डॉ. नेहा चोकसी ने कहा कि महिलाएं अपने कार्य को अत्यंत ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करती हैं। यदि पत्रकारिता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती है, तो समाज में मीडिया के प्रति लोगों का विश्वास और भी मजबूत होगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला पत्रकारों ने भी अपने विचार और अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय राणा ने की तथा संचालन सांस्कृतिक समिति की संयोजक मीना नेगी ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनवर रावत, हिमांशु जोशी सहित प्रेस क्लब की महिला सदस्यगण उपस्थित रहीं।



