कासीगा स्कूल का धमाका, 249 रन बनाकर वुडस्टॉक को हराया
वेल्हम बॉयज़ स्कूल की जीत, रोहनदीप बने मैन ऑफ द मैच

देहरादून। 8वाँ पी.सी. बत्ता मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट तीसरे और चौथे दिन भी रोमांच और उत्साह के साथ जारी रहा। विभिन्न स्कूलों की टीमों ने शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।
19 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबलों में
वुडस्टॉक स्कूल, मसूरी और तुला’स इंटरनेशनल स्कूल के बीच हुए मैच में तुला’स इंटरनेशनल स्कूल ने जीत दर्ज की। हरिवंश को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं कर्नल ब्राउन स्कूल, देहरादून और कासीगा स्कूल (A) के बीच खेले गए मुकाबले में कासीगा स्कूल ने 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की। मीत डिगामा ने 4 ओवर में मात्र 7 रन देकर 3 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच बने।
20 अप्रैल 2026 के मुकाबले में
वाइनबर्ग एलन स्कूल, मसूरी और वेल्हम बॉयज़ स्कूल, देहरादून के बीच खेले गए मैच में वेल्हम बॉयज़ स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। रोहनदीप ने 18 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच चुने गए।
दिन के दूसरे मुकाबले में कासीगा स्कूल ने वुडस्टॉक स्कूल के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कासीगा टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वुडस्टॉक टीम 20 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। कासीगा की ओर से रिषभ डागर ने नाबाद 128 रन (17 चौके, 6 छक्के) और अयानवीर भाटिया ने नाबाद 115 रन (16 चौके, 4 छक्के) की शानदार पारियां खेलीं। रिषभ डागर को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका राहुल चौहान और विशाल जोशी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग हेमंत गौर और अवनीश चौधरी ने की।
यह टूर्नामेंट लगातार उच्च स्तरीय क्रिकेट और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण पेश कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच उत्साह बना हुआ है।



