फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही पुर्तगाल की टीम को अपने पहले ही मुकाबले में बड़ा झटका लगा। ग्रुप-के के मैच में डीआर कांगो ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए पुर्तगाल को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। इस ड्रॉ के साथ दोनों टीमों ने एक-एक अंक हासिल किया। मैच की शुरुआत पुर्तगाल के लिए शानदार रही। छठे मिनट में जुआओ नेवेस ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन पहले हाफ के अतिरिक्त समय में योआने विस्सा ने बराबरी का गोल दागकर डीआर कांगो की मैच में वापसी करा दी। दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन क्रिस्टियानो रोनाल्डो समेत पूरी टीम निर्णायक गोल करने में नाकाम रही। यह मुकाबला 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड छठे फीफा वर्ल्ड कप का पहला मैच था, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं रहे। मैच के बाद रोनाल्डो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यह वैसी शुरुआत नहीं थी जैसी हम चाहते थे, लेकिन अभी सब खत्म नहीं हुआ है। सिर ऊंचा रखें और अगले मैच पर ध्यान दें।” वहीं, 52 साल बाद वर्ल्ड कप में लौटी डीआर कांगो के लिए यह ड्रॉ किसी जीत से कम नहीं रहा। टीम ने वर्ल्ड कप इतिहास का अपना पहला अंक हासिल कर फुटबॉल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
#FIFAWorldCup2026 #CristianoRonaldo #Portugal #DRCongo #FootballNews



