18 सितंबर से शुरू होगी यूपीएल, जुलाई में होंगे ट्रायल्स; पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रदीप सांगवान बने टीम के मेंटर, सोनी स्पोर्ट्स पर होगा सीधा प्रसारण

देहरादून, 4 जुलाई। उत्तराखंड के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के आगामी सत्र में पहली बार ‘मसूरी शेरू क्लासिक’ फ्रेंचाइजी टीम मैदान में उतरने जा रही है। शनिवार को राजपुर रोड स्थित होटल अकेता में आयोजित पत्रकार वार्ता में टीम प्रबंधन ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना और प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाना है।
पत्रकार वार्ता में टीम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह टीम के को-ओनर हैं। टीम के मालिक अरुण कुमार हैं, जबकि विकास रावत भी को-ओनर के रूप में जुड़े हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रदीप सांगवान को टीम का मेंटर नियुक्त किया गया है। उनके आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के लंबे अनुभव का लाभ उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा, जिससे उन्हें पेशेवर क्रिकेट की बेहतर समझ और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
शेरू अंग्रीश ने कहा कि उनकी संस्था वर्षों से देश के प्रतिष्ठित शेरू क्लासिक बॉडीबिल्डिंग आयोजनों का सफल संचालन कर रही है, जहां से कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। अब इसी विजन के साथ क्रिकेट के क्षेत्र में भी उत्तराखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल एक प्रतिस्पर्धी टीम बनाना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए खेलों में उज्ज्वल भविष्य तैयार करना है।
टीम के मालिक अरुण कुमार ने बताया कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन आगामी 18 सितंबर से देहरादून स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे और उनका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली यह लीग उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि मसूरी शेरू क्लासिक पहली बार इस प्रतिष्ठित लीग का हिस्सा बन रही है। टीम चयन के लिए जुलाई माह में ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेशभर के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। ट्रायल्स का आयोजन गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में होगा, जो टीम की आधिकारिक पार्टनर अकादमी है। यह अकादमी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा के साथ क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है।
को-ओनर विकास रावत ने प्रदेश के युवाओं से ट्रायल्स में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि मसूरी शेरू क्लासिक केवल एक क्रिकेट टीम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की नई खेल सोच और युवा सपनों का मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फ्रेंचाइजी आने वाले वर्षों में प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पत्रकार वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, किरण रौतेला वर्मा सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


