गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय तक मार्च, न्यायिक जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय परिसर तक मार्च निकालकर प्रदर्शन किया और तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच नहीं होने पर कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी सरकार पर परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पेपर लीक और अनियमितताओं से मेहनती छात्रों का विश्वास टूट रहा है।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल पहुंचाया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।



