
देहरादून। शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने रायपुर स्थित आर्मी फायरिंग रेंज में फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण किया। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सेना के अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर हरित क्षेत्र के विस्तार की पहल की।
एमडीडीए ने इस अभियान को केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रखा है। पौधों की सुरक्षा के लिए रोपण क्षेत्र के चारों ओर लोहे की वायरिंग कराई गई है, जबकि आगामी दो वर्षों तक नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी की गई है। प्राधिकरण का उद्देश्य पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें विकसित कर क्षेत्र के हरित आवरण को मजबूत करना है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से भी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना पहला कदम है, उन्हें पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी है। तेजी से हो रहे शहरी विकास के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है और इसके लिए पौधों के संरक्षण पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण और रखरखाव को प्राथमिकता दे रहा है। रायपुर आर्मी फायरिंग रेंज में की गई व्यवस्था से पौधों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उनके बेहतर विकास में मदद मिलेगी।
एमडीडीए के अनुसार फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का चयन हरित आवरण बढ़ाने के साथ क्षेत्र की जैव विविधता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। सेना के अधिकारियों के साथ मिलकर किया गया यह पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी का संदेश भी देता है।
#MDDA #Dehradun #GreenDehradun #PlantationDrive #Environment #BanshidharTiwari #Uttarakhand #GreenMission #Raipur #HaritDoon




